विद्यालय भवनों की मरम्मत हेतु राशि जारी करने का स्वागत , मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री का आभार जताया


बांसवाड़ा, 29 जुलाई l राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के जिला अध्यक्ष दिनेश चंद्र मईडा एवं संभागीय संगठन मंत्री दिलीप पाठक ने राजस्थान काउंसिल ऑफ़ स्कूल एजुकेशन राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश के क्षतिग्रस्त एवं जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत हेतु राशि जारी करने का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का आभार व्यक्त किया है l जिला अध्यक्ष मईडा ने बताया कि संगठन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष रमेशचंद्र पुष्करणा को जिले के क्षतिग्रस्त भवनों के बारे में सूचना दी गई थी और प्रदेश के सभी जिलों से संगठन स्तर पर इसकी सूचना का संकलन किया गया था तदनुसार संगठन की ओर से सरकार को सूचना देकर अग्रिम कार्रवाई का आग्रह किया गया था l उन्होंने बताया कि बांसवाड़ा जिले में 56 विद्यालयों की मरम्मत हेतु बजट का आवंटन किया गया है जिसमें आनंदपुरी के पांच, बांसवाड़ा ब्लॉक के 8, छोटी सरवन ब्लॉक के 6, अरथूना ब्लॉक के 7, गढ़ी के चार, घाटोल के तीन, गांगड़तलाई के 5, बागीदौरा के 5 कुशलगढ़ के तीन, सज्जनगढ़ ब्लॉक के 5 एवं तलवाडा ब्लॉक के 6 विद्यालय शामिल है l शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने प्रदेश के सभी संगठन प्रतिनिधियों को निर्देश दिए हैं कि वर्तमान वर्षाकाल के दौरान विद्यालय भवन एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर संगठन स्तर पर भी सूचना संकलन किया जाए तथा किसी भी क्षतिग्रस्त या जर्जर भवन में शैक्षिक क्रियाकलापों का संचालन ना हो इस बाबत स्थानीय विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करें l



