उज्जैन पुलिस द्वारा “नवीन आपराधिक कानून” पर जागरूकता सेमिनार आयोजित
जिले के 120 से अधिक विद्यालयों के प्राचार्य, प्रबंधक व विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया

उज्जैन।पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार नवीन आपराधिक कानूनों के लागू होने के 1 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आमजन को इन कानूनों के प्रति अधिक जागरूक बनाने हेतु उज्जैन पुलिस द्वारा 1 जुलाई 2025 को क्रिस्ट ज्योति कॉन्वेंट विद्यालय में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में जिले के 120 से अधिक विद्यालयों के प्राचार्य, प्रबंधक व विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया।
प्रमुख विषयवस्तु: अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) नितेश भार्गव द्वारा “नवीन आपराधिक संहिता” के तहत पीड़ित केंद्रित प्रावधानों, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, साक्षी संरक्षण आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का तथ्यात्मक एवं समाधानपरक उत्तर देकर उन्हें संतुष्ट किया गया। सभी विद्यालय प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे छात्रों को भी इन कानूनों के प्रति जागरूक करें।
स्कूल वाहन सुरक्षा निर्देश: सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी स्कूल वाहन दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विशेष बल दिया गया।प्रत्येक स्कूल में ट्रांसपोर्ट मैनेजर की नियुक्ति, स्टूडेंट डाटाबेस, प्रॉपर एंट्री-एग्जिट गेट, महिला स्टाफ की तैनाती, पैनिक बटन, GPS, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, गेट लॉक सिस्टम, ग्रिल आदि अनिवार्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
भविष्य की पहल: सेमिनार के माध्यम से लगभग 50,000 छात्र-छात्राओं तक अप्रत्यक्ष रूप से कानूनी जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया। यदि किसी विद्यालय द्वारा आगामी समय में विशेष कानून जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना हो, तो उज्जैन पुलिस द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
ट्रैफिक सुधार हेतु सुझाव आमंत्रित: पुलिस प्रशासन द्वारा प्रतिभागियों से यातायात सुधार हेतु सुझाव भी आमंत्रित किए गए, जिन्हें भविष्य की कार्ययोजना में सम्मिलित किया जाएगा।



