देशभर में गोवंश की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए ठोस कार्रवाई की जाए: तिवारी

चंडीगढ़, 15 जनवरी l ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव और चंडीगढ़ ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष यशपाल तिवारी ने चंडीगढ़ के गांव मक्खन माजरा में स्थित गौशाला में मृत पाई गई गायों और बछड़ों के विषय पर गंभीर चिंता व्यक्त की है और सरकार से आग्रह किया है कि देशभर में गोवंश की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की सनातन टास्क फोर्स के युवा गौ संरक्षक सराहना के पात्र हैं जो इतनी भरी सर्दी की रातों में गौशालाओं में जा जा कर गायों की मार्मिक स्थिति को प्रशासन के संज्ञान में ला रहे हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि गौशाला की आड़ में जो लोग ऐसा घिनौना काम कर रहे हैं उन्हें शीघ्र कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि अन्य ऐसे दोहरे चेहरे वालों को भी सबक हो।
तिवारी ने कहा कि ऐसे घोर सामाजिक अपराधों को रोकने के लिए अन्य संस्थाओं का भी उचित सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि अब केवल अलग समुदाय के लोग ही नहीं बल्कि उनकी आड़ में अन्य लोग भी यह दुष्कृत्य कर रहे हैं।
यशपाल तिवारी ने चंडीगढ़ की सभी सामाजिक, धार्मिक अथवा आध्यात्मिक एवं समाज सेवी संस्थाओं का आवाहन करते हुए अनुरोध किया कि सब एकमत होकर इसका विरोध करें ताकि प्रशासन तथा न्याय प्रणाली ऐसे दुष्टों को कठोर से कठोर सजा देकर चेतावनी स्थापित कर सके।
तिवारी ने ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन के देश के समस्त प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र में गोवंश की सुरक्षा एवं उनके संरक्षण के लिए जारी क्रियाकलापों में सहयोग प्रदान करें तथा गोवंश की सुरक्षा को सुनिश्चित करने में समर्पित भाव से योगदान दें l



