अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरिद्वार में योग शिविर
जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र हरिद्वार में सैकड़ों ने किया सामूहिक योगाभ्यास


हरिद्वार 21 जून 2025। जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, हरिद्वार द्वारा आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह शिविर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य हेतु योग” के अनुरूप लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का एक प्रभावशाली प्रयास था। इस आयोजन में प्रतिदिन कंप्यूटर साक्षरता केंद्र (NIMT Haridwar) और क्रिकेट अकादमी के बच्चों ने सक्रिय भाग लिया। 21 जून को आयोजित मुख्य योग सत्र में Ambition Hoops Academy, Serenity Yoga School, एवं अन्य संस्थानों के साथ मिलाकर लगभग 300 लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। योग सत्र का कुशल संचालन प्रसिद्ध प्रशिक्षकों योगी दीप चंद्र लुहानी, मोनिका रॉय एवं विक्रम जी के निर्देशन में हुआ, जिनके अभ्यास शैली ने सभी को गहराई से प्रभावित किया।
संस्था के अध्यक्ष पदम प्रकाश शर्मा जी ने कहा: “योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन जीने की कला है। इस शिविर ने हमें फिर से यह स्मरण कराया है कि शरीर, मन और आत्मा की एकता ही सच्चे स्वास्थ्य की कुंजी है। संस्थान भविष्य में भी इसी तरह के निःशुल्क योग शिविरों का नियमित आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकें और स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। यह हमारा संकल्प है।”कार्यकारी अध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान जी ने कहा: “यह देखकर अत्यंत हर्ष हुआ कि बच्चे, युवा, शिक्षक एवं आमजन सभी ने मिलकर योग दिवस को एक सामूहिक उत्सव के रूप में मनाया। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सामूहिक चेतना का विकास होता है। योग भारत की अनमोल देन है, और इसे जन-जन तक पहुँचाना हमारा दायित्व है।”
इस अवसर पर संस्था के सचिव सुखबीर सिंह, कोषाध्यक्ष कुलदीप सिंह, जितेन्द्र अरोड़ा, NIMT हरिद्वार से विभोर चौधरी, कमलप्रीत कौर, शिवानी कौशिक, सोनम विश्नोई, Ambition Hoops Academy से शिवम आहूजा एवं आयुषी, Cricket Academy से अमोल बर्थवाल, तथा Serenity Yoga School से मानसी वर्मा सहित सभी संस्थानो से लगभग 300 बालक बालिकाओं एवं युवा वर्ग मे प्रतिभाग किया । यह आयोजन योग, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बना और संस्थान ने भविष्य में भी इस प्रकार के सार्थक आयोजनों की प्रतिबद्धता दोहराई।



