उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा हरिद्वार में, बीआईएस का जनसंवाद गुरुवार को

-अपने हितों के प्रति सजग बने उपभोक्ता- डॉ अनंत शर्मा
हरिद्वार, 5 मार्च l कंज्यूमर मैन ऑफ़ इंडिया, अंतर्राष्ट्रीय उपभोक्ता आंदोलनकारी एवं कंज्यूमर कनफेडरेशन आफ इंडिया के नेशनल चेयरमेन डॉ अनंत शर्मा के नेतृत्व में देश के उपभोक्ताओं को अपने हितों के प्रति सजग बनाने के लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस 24 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली से प्रारंभ हुई उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा देश के उत्तर, पश्चिम, दक्षिण और पूर्वोत्तर क्षेत्र से होते हुए अब 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता दिवस के मौके पर समापन के लिए नई दिल्ली की ओर बढ़ रही है l बुधवार को यह यात्रा उत्तराखंड के हरिद्वार में पहुंची जहां पर क्षेत्र की अग्रणी समाजसेवी, समाज प्रतिनिधियों तथा स्थानीय संगठन प्रतिनिधियों ने डॉ अनंत शर्मा व उनके दल का गर्मजोशी से स्वागत किया l गुरुवार को डॉ शर्मा हरिद्वार में आयोजित उपभोक्ता संगठन प्रतिनिधियों के साथ ही आम उपभोक्ताओं के लिए आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे l
हरिद्वार में स्वागत कार्यक्रम के दौरान डॉ अनंत शर्मा ने उपभोक्ताओ को अपने अधिकार व कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और बाजार व्यवस्था में जागरूकता का संदेश दिया l डॉ शर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओ के हितों का संरक्षण स्वयं उपभोक्ता की जागरूकता पर निर्भर है l उपभोक्ता बाजार व्यवस्था के दौरान अपने उपभोक्ता अधिकारों का उपयोग करेगा तो उसके शोषण की संभावना समाप्त हो जाएगी तथा उसे सही मूल्य पर उचित वस्तु व सेवाएं प्राप्त होगी इसमें कोई संदेह नहीं है l इससे पूर्व हरिद्वार पहुंचने पर डॉ शर्मा का संगठन प्रतिनिधियों की ओर से भव्य स्वागत हुआ l सीसीआई के राष्ट्रीय प्रमुख सचिव एवं उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा के प्रवक्ता निरंजन द्विवेदी ने बताया की यात्रा का समापन विश्व उपभोक्ता दिवस के मौके पर 15 मार्च को नई दिल्ली में होगा, इससे पूर्व यात्रा के लिए निश्चित रूट व निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा l यात्रा के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपभोक्ता संगठनो द्वारा तैयारियां की जा रही है और विभिन्न स्थानों पर डॉ शर्मा के स्वागत एवं जनसंवाद कार्यक्रमों का नियमित आयोजन हो रहा है l
इधर भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून द्वारा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, हरिद्वार के सहयोग से तथा Consumer Confederation of India द्वारा संचालित “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” के तहत जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 05 मार्च गुरुवार को प्रातः 10:30 बजे किया जा रहा है। भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून से सरिता त्रिपाठी ने बताया कि जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, भगत सिंह चौक के निकट, हरिद्वार मैं आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं गुणवत्तायुक्त उत्पादों के महत्व के प्रति जागरूक करना है l
इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के लखनऊ और विभिन्न क्षेत्रों में डॉ अनंत शर्मा की उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा का स्वागत हुआ तथा विभिन्न स्थानों पर संगोष्ठी एवं बौद्धिक चर्चा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, इसमें डॉशर्मा ने उपभोक्ता जागरूकता का संदेश दिया l



