ज्ञान, विज्ञान और संस्कार की सतत साधना का सम्मान

-गौरवपूर्ण राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त होंगे अनंत जोशी
बांसवाड़ा, 27 फरवरी l शिक्षा विभाग की पारिवारिक पृष्ठभूमि और शिक्षा को समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की परंपरा का निर्वहन करने वाले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झातला के प्रधानाचार्य अनंत जोशी शनिवार को अपने गौरवपूर्ण राजकीय सेवा के साथ सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत होने जा रहे हैं l अपने पिता शिक्षा विभाग में संस्थाप्रधान के पद से सेवानिवृत्त हुए दिवंगत डायालाल जोशी की परंपरा को आगे बढ़ते हुए अनंत जोशी ने भी विभाग को अनवरत सेवाएं दी तथा शिक्षा विभाग की कार्यों के साथ ही राष्ट्रीय कार्यक्रम व अन्य समाज कल्याण, जन जागरूकता और जन सेवा गतिविधियों में अपनी प्रभावी भागीदारी निभाते हुए सशक्त उपस्थिति दर्ज करवाई l जोशी की गौरवमयी शैक्षिक एवं प्रशासनिक जीवन की सेवानिवृत्ति के अवसर पर उनका प्रशस्ति–पत्र देकर, शॉल ओढ़ाकर व माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। 26 फरवरी 1966 को जन्मे जोशी, माता श्रीमती अम्बा कुंवर के स्नेहिल सान्निध्य में पले,बढ़े तथा तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटे होकर भी सदैव कर्तव्यपथ पर अग्रणी रहे। ज्योतिष के विद्वान एवं माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर सुशोभित रहे पिता डायालाल जोशी
की विद्वत्ता, अनुशासन और शिक्षा निष्ठा की परंपरा को आपने जीवन का आधार बनाया और जीवंत रखते हुए उसे सार्थक ऊँचाइयों तक पहुँचाया। 23 सितम्बर 1989 को व्याख्याता (भौतिकी विज्ञान) के रूप में जोशी की शैक्षिक यात्रा घाटोल से प्रारम्भ हुई। व्याख्याता के रूप में नूतन ,खांदू कॉलोनी ,डाइट गढ़ी तथा भीलूड़ा में अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। तत्पश्चात लगभग दस वर्षों तक प्रधानाचार्य के रूप में रा. उ. मा. वि. झांतला में आपने ज्ञान, अनुशासन और नवाचार का वातावरण निर्मित किया। एम.एससी. (भौतिकी) एवं एम.एड. स्नातकोत्तर होने का लाभ शिक्षा जगत को समर्पित किया। विगत लगभग पंद्रह वर्षों से जिला स्तरीय विज्ञान मेलों में जोशी पथप्रदर्शक की भूमिका रही, आठ वर्षों तक इंस्पायर्ड अवार्ड प्रदर्शनी में ज्यूरी सदस्य के रूप में सेवाएँ दीं, पांच वर्षों से व्यावसायिक शिक्षा की जिला प्रदर्शनी में सक्रिय नेतृत्व किया, विभिन्न चुनावों में जिला मास्टर ट्रेनर तथा सहायक प्रभारी (प्रशिक्षण) के रूप में दायित्व निभाकर अपनी कार्यकुशलता का सशक्त परिचय दिया ओर इस हेतु दो बार जिला स्तरीय सम्मान प्राप्त किया। सामाजिक क्षेत्र में भी आपने विद्या भारती में जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला उपाध्यक्ष, विज्ञान भारती में जिला प्रमुख, राजस्थान ब्राह्मण महासभा में जिला उपाध्यक्ष, विश्व ब्राह्मण समाज संघ में संभाग उपाध्यक्ष, गायत्री मंडल में कार्यकारिणी सदस्य एवं कोषाध्यक्ष, रेसला में जिला मंत्री व सभाध्यक्ष, रेसा पी में सभाध्यक्ष से संरक्षक, कपिल केदारेश्वर मंदिर ट्रस्ट में सचिव तथा भट्ट मेवाड़ा समाज में युवा समाज प्रमुख के रूप में उल्लेखनीय योगदान दिया और सेवा को संस्कार का रूप प्रदान किया। जोशी की धर्मपत्नी श्रीमती प्रज्ञा जोशी, राजकीय सेवा में हैं और दोनों पुत्र अपनी मास्टर डिग्रियों के बाद एक नोएडा में इलेक्ट्रिकल डिज़ाइन इंजीनियर के रूप में तथा दूसरे अहमदाबाद में सीनियर सिविल इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। अनंत जोशी शनिवार को औपचारिक सेवा से अवकाश ग्रहण कर रहे हैं और इनका अनुभव, आदर्श और कार्य सदैव समाज एवं शिक्षा जगत के लिए उपयोगी रहेंगे l जोशी की सेवानिवृत्ति पर शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों और शिक्षक संगठनों के पदाधिकारीयो ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी है l



