प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया

वाराणसी। अमेरिका के साथ टैरिफ को लेकर चल रहे तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को काशी से देशवासियों से स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया है। कहा-देशवासी स्वदेशी का संकल्प लें कि वे आज से उन वस्तुओं को ही खरीदेंगे, जिसे बनाने में भारत का पसीना बहा है। मोदी ने कहा, यह जिम्मेदारी देश के लोगों को लेनी होगी कि आज से ही हमारे घर में जो नया सामान आएगा, वह स्वदेशी ही होगा। उन्होंने ट्रंप और अमेरिका का जिक्र किए बिना कहा- ‘इस समय वैश्विक अस्थिरता का माहौल है। सभी देश अपने-अपने हितों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है, इसलिए अपने आर्थिक हितों के प्रति हमें सजग रहना होगा। हमें वोकल फार लोकल के मंत्र को अपनाना होगा। मोदी ने कहा, हम मेक इन इंडिया को बढ़ावा देंगे।’ सेवापुरी के बनौली गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आपरेशन सिंदूर को लेकर संसद में बयान के लिए कांग्रेस और सपा को भी निशाने पर रखा। मोदी ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की एकता आपरेशन सिंदूर की ताकत बनी। दुर्भाग्य से आपरेशन सिंदूर की सफलता से हमारे देश के ही कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। मोदी ने कहा,कांग्रेस ने हमारे जवानों के पराक्रम का लगातार अपमान किया और आपरेशन सिंदूर को तमाशा कहा है। क्या सिंदूर कभी तमाशा हो सकता है?हमारी सेना के पराक्रम, बहनों का सिंदूर उजाड़ने वालों से बदला लिए जाने को तमाशा कहने की निर्लज्जता और वोट बैंक के लिए तुष्टीकरण की राजनीति में सपा भी पीछे नहीं है। मोदी ने कहा, सपा नेता संसद में कह रहे थे कि पहलगाम के आतंकी को क्यों मारा? क्या आतंकियों को भी मारने के लिए इंतजार करना चाहिए था? नया भारत भोलेनाथ को पूजता है तो समय आने पर दुश्मनों के सामने कालभैरव भी बन जाता है। आज भारत पर जो वार करेगा, पाताल में भी नहीं बचेगा। आपरेशन सिंदूर में विश्व ने हमारे स्वदेशी हथियारों की क्षमता देखी।



