रिटायर्ड लैब टेक्निशियन का झोला काटकर दो महिलाओं ने उसमें रखे 1.90 लाख रुपए उड़ाए

उज्जैन। शहर के इंदिरा नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया में गुरुवार दोपहर चोरी की एक वारदात हुई। बैंक में पैसे जमा करने आए एक रिटायर्ड लैब टेक्निशियन का झोला काटकर दो महिलाओं ने उसमें रखे 1.90 लाख रुपए उड़ा दिए और मौके से फरार हो गईं। बताया जाता है कि इंदिरा नगर निवासी 85 वर्षीय नारायणदास बैरागी जब बैंक में फॉर्म भर रहे थे, तभी भीड़ का फायदा उठाते हुए महिलाओं ने इस घटना को अंजाम दिया। बैरागी ने तुरंत बैंक कर्मचारियों और चिमनगंज पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें दो महिलाएँ वारदात को अंजाम देती हुई दिखाई दी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि फुटेज के आधार पर जल्द ही महिलाओं को पकड़ लिया जाएगा। बैरागी ने पुलिस को बताया कि वे यह रकम हाल ही में एक परिचित द्वारा लौटाए जाने के बाद जमा करने आए थे।



