महाकाल सवारी की निगरानी 200 से अधिक सीसीटीवी और 10 से अधिक ड्रोन से होगी


कलेक्टर श्री सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने श्री महाकाल सवारी मार्ग का निरीक्षण किया
उज्जैन,20 जुलाई। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का सोमवार को सवारी में सम्मिलित होना प्रस्तावित है। इसी तारतम्य और सवारी मार्ग पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने श्री महाकाल सवारी मार्ग का दोपहर में निरीक्षण किया। कलेक्टर सिंह ने निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, मार्ग में पर्याप्त प्रकाश,श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधा, आवश्यक स्थानों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था,मार्ग पर साफ सफाई, सभी मुख्य स्थानों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी,राम घाट और दत्त अखाड़ा घाट पर पर्याप्त संख्या में होमगार्ड और तैराकों की ड्यूटी,जूता स्टैंड, पर्याप्त स्थानों पर फायर ब्रिगेड, आवश्यक बैरीकेडिंग आदि सभी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने राम घाट पर पुलिस बैंड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच पर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने जानकारी दी कि 200 से अधिक सीसीटीवी और 10 से अधिक ड्रोंस से जिला प्रशासन द्वारा निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कलेक्टर श्री सिंह के निर्देश पर सवारी मार्ग में 1500 से अधिक पुलिस बल जिसमें महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला बल भी तैनात रहेगा। व्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन के लिए 150 से अधिक ट्रैफिक जवान तैनात रहेंगे। निरीक्षण के दौरान संपूर्ण मार्ग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महाकाल मंदिर प्रशासक एवं अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



