बढ़ा हुआ संपत्ति कर वापस ले भाजपा सरकार – रवि राय
संपत्ति कर वृध्दि से शहर के नागरिकों को होगा लाखों रुपए का नुकसान

उज्जैन। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा राज पत्र के माध्यम से नगर निगम संपत्ति करों की दरों को बढ़ाया गया है और मेयर इन काउंसिल द्वारा भी इस वित्त वर्ष में संपत्ति कर में वृध्दि की गई है। नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने संपत्ति कर वृध्दि पर आपत्ति लेते हुए कहा कि संपत्ति कर वृध्दि से शहर के नागरिकों को लाखों रुपए का नुकसान होगा। ऐसे में संपत्ति कर में हुई वृध्दि को वापस ले भाजपा सरकार। नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि लगातार हर वर्ष संपत्ति कर में रेट एवं परिक्षेत्र के माध्यम से वृद्धि की जा रही है। ठहराव क्रमांक 16 दिनांक 17/3/2025 से फिर संपत्ति कर में वृद्धि गई है। 6000 से 36000 तक 7 प्रतिशत के स्थान पर वृद्धि एक परसेंट की गई है जो 8 प्रतिशत से वसूल किया जाएगा। 36000 से 60000 तक कर योग संपत्ति मूल्य में वृद्धि करते हुए 7 प्रतिशत के स्थान पर 9 प्रतिशत की दर से वसूल किया जाएगा। इसी प्रकार सीमेंट कंक्रीट के निर्माण में 24 रुपए के स्थान पर 27.50 पैसे से वसूल किया जाएगा जो 21 रुपए का रेट था उसमें वृद्धि करते हुए 23 रुपए खुली भूमि में भी डेढ़ परसेंट की वृद्धि की गई है। नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर इस संबंध में निगम मुख्यालय पर आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी ताकि बढ़ा हुआ संपत्ति कर के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड और सरकार को घेरा जा सके और नागरिकों को राहत दिलाई जा सके।



