20 हजार किलोमीटर की राष्ट्रव्यापी उपभोक्ता जागरूकता यात्रा कर जयपुर लौटे डॉ. शर्मा

-सभी 28 प्रदेशों में हुए कार्यक्रम, चेन्नई में बना विश्व रिकॉर्ड
-उपभोक्ता संरक्षण के इ तिहास में इस तरह का पहला आयोजन
-राजस्थान हुआ गौरवान्वित, जगह-जगह भव्य स्वागत
जयपुर 19 मार्च। कंज्यूमर मैन के नाम से विख्यात राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त उपभोक्ता आंदोलनकारी डॉ. अनन्त शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रव्यापी उपभोक्ता जागरूकता महाभियान देश भर में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। इसके तहत देश के सभी 28 प्रदेशों व विभिन्न केन्द्रशासित क्षेत्रों में उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा का आयोजन हुआ और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रा 24 दिसंबर को भारत सरकार के उपभोक्ता मामले मंत्री प्रल्हाद जोशी द्वारा नई दिल्ली के भारत मण्डपम से शुरू की गई थी और इसका समापन 20 हजार किलोमीटर की सडक़ यात्रा के उपरांत 16 मार्च को नई दिल्ली के होटल रेडिसन ब्लू में संपन्न हुआ।
हिंदुस्तान के इतिहास में उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में यह पहला मौका है जबकि इस तरह का राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान आयोजित हुआ। अभियान विभिन्न राज्य सरकारों एवं भारतीय मानक ब्यूरो जैसे नियामक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में देश के उपभोक्ता संगठनों के सबसे बड़े नेटवर्क कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से संचालित किया गया। इसके तहत 135 शहरों में विभिन्न कार्यक्रम हुए जिसमें रैलियां, रोड शो, कार्यशालाएं, जागरूकता बैठकें और विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद के कार्यक्रम शामिल थे।
यात्रा के तहत जिन शहरों में बड़े कार्यक्रम हुए, उनमें दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, बैंगलूर, भुवनेश्वर, लखनऊ, गोवा, जयपुर, भोपाल, पटना, रांची, रायपुर, हरिद्वार, श्रीनगर, जालंधर, कुरुक्षेत्र, कोच्ची, हैदराबाद, तिरुपति, गुवाहाटी, शिलांग, शिमला, ईटानगर आदि शामिल हैं। यात्रा के दौरान चेन्नई में मानव श्रंखला से सीसीआई का लोगो बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड भी बनाया गया। विभिन्न कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक कार्यक्रम हुए। बाजार सर्वे भी किए गए और उपभोक्ता संरक्षण साहित्य का वितरण किया गया।
यात्रा की खास बात यह थी कि यूं तो देश भर में इसमें हजारों लोग शामिल हुए, लेकिन इसमें स्थाई रूप से शामिल सभी सदस्य राजस्थान से थे और यात्रा का नेतृत्व जयपुर की संस्था केन्स के अध्यक्ष डॉ. अनन्त शर्मा ने किया। यात्रा के सफल आयोजन के बाद डॉ. अनन्त शर्मा के जयपुर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। राज्य के स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठनों की ओर से इस सफलता के लिए डॉ. अनन्त शर्मा का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। यात्रा के तहत रामेश्वर के धनुषकोड़ी सहित देश की विभिन्न सीमाओं पर भी कार्यक्रम आयोजित हुए और श्रीनगर के लाल चौक में तिरंगा व उपभोक्ता जागरूकता का ध्वज फहराया I



