विश्व उपभोक्ता दिवस 15 मार्च पर विशेष: सुरक्षित उत्पाद – आश्वस्त उपभोक्ता

– लय द्विवेदी
देश के उपभोक्ताओं को अपने अधिकार और कर्तव्य के प्रति जागरूक बनाने के लिए प्रतिवर्ष 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता दिवस एवं 24 दिसंबर को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाया जाता है l सरकार की ओर से उपभोक्ताओं के हित संरक्षण के लिए विभिन्न कानून और प्रावधान भी बनाए गए हैं l देश में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम में हुए प्रभावी संशोधन के बाद यह कानून आम उपभोक्ताओं के लिए बेहद उपयोगी बन गया है, जिसके माध्यम से बाजार व्यवस्था में उसके हितों का संरक्षण हो रहा है l
सरकार ने इस वर्ष सुरक्षित उत्पाद – आश्वस्त उपभोक्ता का संदेश देते हुए बाजार में उपलब्ध उत्पादों में से सुरक्षित यानी प्रामाणिक उत्पाद खरीदने के लिए उपभोक्ताओं को प्रेरित किया है ताकि वे अपने खरीदारी से संतुष्ट हो तथा उन्हें किसी तरह का नुकसान ना हो l जहां तक सुरक्षित उत्पाद की बात करें तो बाजार में उपलब्ध विभिन्न उत्पादो में उपभोक्ताओं के लिए कौन सा उत्पाद उपयोगी और सुरक्षित है इस बाबत उन्हें प्रमाणीकरण के माध्यम से सूचित किया जाता है ताकि आम उपभोक्ता को उत्पाद चुनते समय परेशानी ना हो l इस प्रमाणीकरण व्यवस्था के लिए देश में भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सामान, बिजली उपकरण, सीमेंट आदि कई उत्पादों के लिए आईएसआई, पर्यावरण के लिए सुरक्षित उत्पादों के लिए ईकोमार्क, सोने व चांदी की शुद्धता के लिए हॉलमार्क आदि व्यवस्था है, इसी तरह सभी खाद्य उत्पादो के लिए FSSAI, कृषि उत्पादों की गुणवत्ता के लिए एगमार्क, जैसी कई तरह व्यवस्थाएं कायम की है जिससे उपभोक्ता के हित सुरक्षित करने का प्रभावी इंतजाम किया गया है l यह प्रमाणीकरण चिन्ह खरीदारी के दौरान नियमित रूप से उपभोक्ता के काम आते हैं जिनके बारे में सामान्य जानकारी आवश्यक है l इसी तरह ऊर्जा खपत और पंजीकरण को लेकर भी व्यवस्थाएं कायम की गई है l अंतर्राष्ट्रीय मानक ISO विभिन्न प्रबंधन प्रणालियों में उपयोगी है l
विभिन्न प्रमाणीकरण प्रमाणित उत्पाद उपभोक्ता को उत्पाद के सुरक्षित होने की गारंटी देते हैं जिससे उसे किसी तरह की परेशानी की संभावना नहीं रहे l बाजार व्यवस्था में प्रमाणित उत्पादों के साथ ही अप्रमाणित व नकली उत्पाद की भी कमी नहीं है और इन पर नियंत्रण के लिए भी विभिन्न व्यवस्थाएं कायम की गई है l उपभोक्ता अगर प्रमाणित उत्पाद क्रय करता है तो उसे किसी तरह के नुकसान नहीं होने की संभावना को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हो सकता है l सरकार भी यही संदेश देना चाहती है कि आमजन के हित और आमजन सुरक्षित रहे l विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर सरकार की ओर से नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का भी प्रयास किया जाता है l जरूरत इस बात की है कि आमजन बाजार व्यवस्था में खरीददारी के दौरान प्रमाणित उत्पाद खरीदे ताकि उसे किसी तरह की परेशानी ना हो और बाजार व्यवस्था में उसके हित सुरक्षित रहे l सरकार द्वारा इसी बात को लेकर उपभोक्ता दिवस पर संदेश दिया गया है l देश में कार्यरत स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठन भी उपभोक्ताओ को जागरूक और सचेत करने के लिए नियमित रूप से प्रयास कर रहे हैं, इसी क्रम में विभिन्न जागरूकता आयोजन समय-समय पर किए जाते हैं जिससे उपभोक्ता सजगता का संदेश प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है l


