अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह से 20 लाख के 51 मोबाइल बरामद
-10 लीटर जहरीली कच्ची शराब बरामद, दो आरोपी एवं एक नाबालिग बालक गिरफ्तार

उज्जैन। उज्जैन पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बीट एवं माइक्रो बीट पुलिसिंग के माध्यम से जनता से सतत संवाद, सक्रिय गश्त और सूचना तंत्र की मजबूती ने अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी को सरल और प्रभावी बनाया है। इसी कड़ी में थाना नानाखेड़ा पुलिस द्वारा एक सराहनीय कार्य करते हुए अंतर्राज्यीय मोबाइल चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मोबाइल चोरी गिरोह के दो मुख्य आरोपियों एवं एक नाबालिग बालक को मौके से गिरफ्तार कर उनके पास से 51 कीमती मोबाइल फोन एवं 10 लीटर हाथ भट्टी की जहरीली कच्ची शराब बरामद की गई है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 मई 2025 को थाना नानाखेड़ा पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि तीन संदिग्ध युवक, जो बाहर के निवासी प्रतीत होते हैं, उज्जैन शहर के रैवारी ढाबा के पास स्थित एक निर्माणाधीन भवन के समीप बैठकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त हैं। बताया गया कि उनके पास चोरी के मोबाइल फोन हैं जिन्हें वे बेहद कम कीमतों पर बेचने का प्रयास कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त उनके पास हाथ भट्टी से बनी जहरीली कच्ची शराब भी है। प्राप्त सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें उप निरीक्षक अनिल ठाकुर, उप निरीक्षक प्रतीक यादव (प्रभारी, साइबर सेल), सहायक उपनिरीक्षक सुनील चौधरी, प्रधान आरक्षक पियूष मिश्रा, आरक्षक कमल पटेल, मुकेश मालवीय, पुष्पराज, सुनील चौधरी, जतींद्र सोनी एवं साइबर सेल के प्रआर. प्रेम एवं आर. हर्ष शामिल थे। टीम द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर तीनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से निम्नलिखित आपत्तिजनक वस्तुएँ बरामद की गईं। मोबाइल चोरों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।
भोपाल और अन्य जिलों में रहने वालेे सदस्यों को पकड़ने टीम गई : एसपी ने बताया कि आरोपी भोपाल में किराए का मकान लेकर रहते थे। इनके संपर्क में अन्य साथी भी थे। इनकी तलाश के लिए पुलिस की टीम को भेजा गया है। टीम अन्य जिलों की पुलिस को भी सूचना देकर मोबाइल चोरी की जानकारी मंगा रही है।
डेढ़ से दो लाख के मोबाइल भी बरामद : एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आरोपियों से जो 51 मोबाइल बरामद हुए हैं। उसमें एक से डेढ़ लाख रुपए कीमत के मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
झारखंड के रहने वाले हैं आरोपी : एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि जिन आरोपियों को पकड़ा गया है उनमें झारखंड के मिथुन महतो पिता किशोर महतो उम्र 30 साल निवासी ग्राम महाराजपुर थाना तालझारी जिला साहेबगंज, कुंदन कुमार पिता सुरेश कुमार महतो उम्र 25 साल निवासी महाराजपुर थाना तालझारी जिला साहेहबगंज और एक नाबालिग लड़का है। मिथुन के खिलाफ दो प्रकरण थाना तालझारी में पहले से दर्ज हैं।



