गुजरात

राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय, गांधीनगर में 79 वां स्वतंत्रता दिन मनाया 

-राष्ट्रवीरों के सम्मान में एनएफएसयू ने शुरू किया देशभक्ति पत्र अभियान: प्रो. एस.ओ. जुनारे

गांधीनगर। राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू)ने 78 वां स्वतंत्रता दिवस दिनांक 15 अगस्त, 2025 को मनाया। प्रो. (डॉ.) एस.ओ. जुनारे, परिसर निदेशक, एनएफएसयू-गांधीनगर ने गांधीनगर परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर श्री सी.डी. जडेजा, कार्यपालक कुलसचिव-एनएफएसयू एवं प्रो. (डॉ.) सतीश कुमार, परिसर निदेशक, एनएफएसयू-भोपाल मंच पर बिराजमान थे। एनएफएसयू के एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवकों ने देशभक्ति और अनुशासन के साथ एक प्रभावशाली मार्चपास्ट में भाग लिया। एनएफएसयू के छात्रों और कर्मचारियों द्वारा देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किए गए। वैश्विक एकता और अंतर-सांस्कृतिक संवाद की भावना को बढ़ावा देते हुए, विदेशी छात्रों ने देशभक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों पर भाषण भी दिए। स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर, एनएफएसयू-गांधीनगर के परिसर निदेशक, प्रो. (डॉ.) एस.ओ. जुनारे ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि एनएफएसयू अटूट देशभक्ति और उद्देश्य के साथ राष्ट्र सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रो. जुनारे ने बताया कि एनएफएसयू ने “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद देशभक्तिपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आज से दिनांक 17 सितंबर तक “भारत माता के वीर सपूतों के नाम एक पत्र” नामक एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है और यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन पर समाप्त होगा। राष्ट्रवंद अभियान के तहत, एनएफएसयू के छात्र सैनिकों और शहीदों के परिवारों को हिंदी में भावपूर्ण हस्तलिखित पत्र लिखेंगे, जिसमें राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट सेवा के लिए आभार व्यक्त किया जाएगा। इस अभियान के तहत, देश भर के सैनिकों को 7,500 पत्र भेजे जाएँगे, जबकि 75 फुट ऊँचे “वीरांजलि स्तंभ” पर 75 विशेष रूप से चयनित संदेश प्रदर्शित किए जाएँगे, जो कृतज्ञता और देशभक्ति के गौरव का एक स्थायी प्रतीक रहेगा। इस अवसर पर अपने भाषण में, प्रो. (डॉ.) जुनारे ने एनएफएसयू के स्थापक कुलपति, “पद्मश्री” से सम्मानित डॉ. जे.एम. व्यास को भारत की फोरेंसिक क्षमताओं को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने आगे कहा कि एनएफएसयू ने युगांडा के जिन्जा सहित पूरे भारत में 14 परिसरों का निर्माण करके तीव्र गति से प्रगति की है, जो भारत की न्याय प्रणाली को मजबूत करने और देश भर में दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए फोरेंसिक विज्ञान को आगे बढ़ाने में एनएफएसयू की कटिबद्धता को दर्शाता है। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के डीन-एसोसिएट डीन, अध्यापकगण, कर्मचारीगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button