विधायक परमार बने ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष, भाटी फिर से शहर अध्यक्ष

-कांग्रेस ने 71 शहर और ग्रामीण अध्यक्षों के नाम की घोषणा की
उज्जैन। आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणु गोपाल ने मप्र के 71 शहर और ग्रामीण अध्यक्षों के नाम की घोषणा शनिवार शाम को कर दी। इसमें उज्जैन से ग्रामीण अध्यक्ष पद पर तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार और उज्जैन शहर अध्यक्ष के रूप में मुकेश भाटी की नियुक्ति की गई है। भाटी को फिर से शहर अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। सृजन संगठन के माध्यम से पिछले दिनों चली कवायद के बाद मुकेश भाटी को फिर से शहर कांग्रेस अध्यक्ष और महेश परमार को ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया जाता है कि सीएम सिटी होने की वजह से कांग्रेस ने विधायक महेश परमार को ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। क्योंकि पूर्व ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया था। इधर ग्रामीण कांग्रेस के लिए एक दर्जन से ज्यादा दावेदार मैदान में थे, परन्तु सबसे ज्यादा प्रबल दावेदारों नें महेश परमार के समर्थकों को ही माना जा रहा है। कमलनाथ के समर्थकों के नाम भी चर्चा में थे।
कई विधायकों को जिम्मेदारी : कांग्रेस ने 71 शहर और ग्रामीण अध्यक्षों में से कई विधायकों और पूर्व विधायकों को जिम्मेदारी सौंपी हैं। इसमें जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, विपिन वानखेड़े आदि को जिम्मेदारी सौंपी गई है।



