हरिद्वार में “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” के माध्यम से उपभोक्ताओं को किया गया जागरूक

हरिद्वार, 05 मार्च 2026। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित उत्पादों के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” के तहत जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून द्वारा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, हरिद्वार एवं सेतु फाउंडेशन के सहयोग से तथा Consumer Confederation of India के तत्वावधान में जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, भगत सिंह चौक के निकट, हरिद्वार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय जैन उपाध्याय, श्री सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर, हरिद्वार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अनंत शर्मा, कंज्यूमर मैन ऑफ़ इंडिया व चेयरमैन, Consumer Confederation of India, डॉ. एम. सेल्वराज, नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट, डॉ. आर.के. थिरु तथा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र के अध्यक्ष पंडित पदम प्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को उपभोक्ता अधिकारों, गुणवत्तायुक्त उत्पादों की पहचान, आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग तथा उपभोक्ता शिकायत निवारण तंत्र के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। वक्ताओं ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे हमेशा प्रमाणित एवं मानकयुक्त उत्पादों का ही उपयोग करें, जिससे उनकी सुरक्षा एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून की मानक संवर्धन अधिकारी श्रीमती सरिता त्रिपाठी ने भी प्रतिभागियों को BIS की विभिन्न गतिविधियों, उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रमों तथा BIS Care App के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर उपभोक्ता जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।