बदलती टैक्नोलॉजी में बदले ठगी के तरीके : डॉ. शर्मा


उपभोक्ता जागरुकता भारत यात्रा गुजरात पहुंची, पंचमहल में भव्य स्वागत समारोह
पंचमहल, (गुजरात) 31 दिसंबर। कंज्यूमर मैन ऑफ इंडिया डॉ. अनन्त शर्मा के नेतृत्व में निकल रही राष्ट्रव्यापी उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा का गुजरात पहुंचने पर जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। सीसीआई की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती प्रीति पंड्या ने बताया कि 3 जनवरी को उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा गांधीनगर और अहमदाबाद पहुंचेगी जहां मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमे प्रदेश भर के ग्राहक सुरक्षा मण्डलों के पदाधिकारी शामिल होंगे और केन्द्र व राज्य सरकार के विभागीय अधिकारी उपस्थित होंगे।इधर बुधवार को गुजरात में प्रवेश पर मुख्य समारोह पंचमहल जिले के के.आर. भाटिया सीनियर सैकण्डरी स्कूल के प्रांगण में किया गया जहां बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी, उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र एवं शिक्षक उपस्थित थे। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अनन्त शर्मा ने कहा कि बदलती टैक्नोलॉजी के इस युग में उपभोक्ताओं के शोषण करने के तरीके भी बदल रहे हैं। डार्क पैटर्न, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलीजेंसी के जरिए उपभोक्ता के साथ गड़बड़ी की जाती है। उन्होंने उपभोक्ताओं को इनसे सावचेत रहते हुए मिलावट, कालाबाजारी, भ्रामक विज्ञापन व अनुचित व्यापारिक व्यवहार से बचने के तरीके बताए।समारोह की अध्यक्षता ग्रामोत्कर्ष एवं विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष भरत भाई भट्ट ने की। इस अवसर पर जिला माप-तोल अधिकारी एस.वी. वार्डिया, भारतीय मानक ब्यूरो के मानक प्रोत्साहन अधिकारी संदीप भाई और गुजरात सरकार के वरिष्ठकर्मी पी.एम.कंजारिया, डी.के. पटेल सहित विभिन्न लोग विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। प्रारंभ में विद्यालय की प्राचार्या कश्मीरा निमावत ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजकीय संस्था के मंत्री रंजीत सिंह ने संयोजन किया एवं भावना बेन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।इस अवसर पर लोक कलाकारों द्वारा भावाई नृत्य प्रस्तुत किया गया एवं अनेक रंगारंग कार्यक्रम आयोजित हुए। इससे पहले गुजरात में प्रवेश करने पर दाहोद जिले में गुजरात सीमा पर बैंड-बाजे और ढोल बजाकर डॉ. अनन्त शर्मा का स्वागत किया गया। ग्राहक सुरक्षा मण्डल दाहौद के अध्यक्ष गोपाल भाई धानका के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे।भारत यात्रा के राष्ट्रीय प्रवक्ता निरंजन द्विवेदी ने बताया कि कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया सीसीआई के बैनर तले निकल रही इस राष्ट्रव्यापी उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा की शुरुआत 24 दिसंबर को नई दिल्ली के भारत मण्डपम से केन्द्रीय उपभोक्ता मामले मंत्री प्रल्हाद जोशी ने की थी। यात्रा राजस्थान और मध्यप्रदेश से होते हुए गुजरात पहुंची है और चार दिन गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों में रहने के उपरांत महाराष्ट्र के लिए रवाना होगी। यात्रा के समन्वयक संजय खंडेलवाल एवं प्रबंधन से जुड़े दुर्गेश माथुर ने बताया कि यात्रा में संगठन के राष्ट्रीय व प्रादेशिक पदाधिकारी समन्वय के साथ शामिल हो रहे हैं l यात्रा के दौरान सीसीआई के वाइस चेयरमैन डॉ अरुण कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती प्रीति पंड्या, कार्यकारी अध्यक्ष एम सेल्वराज सहित देश भर के उपभोक्ता आंदोलनकारी विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं ।



