नगर निगम
नगर निगम में सिंहस्थ प्रकोष्ठ के कार्यपालन यंत्री मैदावाला ने फाइल लेकर आए लिपिक से की अभद्रता, चैंबर से भगाया
-कर्मचारी संगठन ने निगम मुख्यालय गेट पर की नारेवाजी

उज्जैन। नगरनिगम में सिंहस्थ प्रकोष्ठ के कार्यपालन यंत्री मैदावाला ने फाइल लेकर आए लिपिक से की अभद्रता करते हुए चैंबर से भगा दिया था। इससे कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने शुक्रवार को स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रभारी कार्यपालन यंत्री सिंहस्थ प्रकोष्ठ साहिल मैदानाला के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मैदावाला द्वारा शिल्पक्ष विभाग के बाबू के साथ अभद्रता करते हुए गाली -गलौंच की। जब दूसरा कर्मचारी इसका कारण जानने को पहुंचा तो उसे भी जलील किया। कर्मचारी नेता रामचंद्र कोरट ने बताया कि इस मामले में आयुक्त को एक ज्ञापन दिया गया है। जिसमें पीड़ित बाबू शैलू धंधोरिया द्वारा उल्लेखित किया गया है कि 10.07.2025 को विस्थापन योजना फाइल साहिल मैदावाला के द्वारा चाहे जाने पर सुधीर भारती के कहने पर मैदावाला को दिखाने गया था। मैं सिंहस्थ प्रकोष्ठ शाखा में पहुंचा। इस दौरान कार्यालय अधीक्षक विजय सिंगारिया उपस्थित थे। मेरे द्वारा कार्य पालन यंत्री के संबंध में जानकारी ली जा रही थी, उसी दौरान साहिल मैदावाला सिंहस्थ प्रकोष्ठ शाखा में आए। मैंने जैसे ही उन्हें फाइल दिखाई वे भड़क गए और गाली बकते हुए मुझे कहा, मेरे सामने आने की तेरी हिम्मत कैसे हुई। बत्तमीज आदमी तुझे अधिकारी की रिस्पेक्ट करना नहीं आता। बाहर निकल कक्ष से, आईन्दा दिखना नहीं। तेरी हिम्मत कैसे हुई, मेरे सामने फाईल दिखाने की। मैं साहिल मैदावाला की बाते सुनता रहा। उसके पश्चात भी लगातार अपशब्दों से संबोधित करते रहे एवं मां बहन की गालियां बकते रहे। मैं बहुत ही हताश एवं निराशा की स्थिति में कक्ष से बाहर निकल आया।
जाओ थाने में जाकर मेरी शिकायत कर दो : मुझे फाइल लेकर भेजने वाले सुधीर भारती को मैंने घटना से अवगत कराया। जब भारती द्वारा उक्त घटना क्रम के संबंध में साहिल मैदावाला से बात करना चाही तो उनके द्वारा भारती से भी अभद्रता की गई। उन्होंने कहा कि क्या तुम इसके वकील हो। हां मैंने गाली दी है। जाओ आयुक्त से शिकायत कर दो, थाने में शिकायत कर दो। मेरा कोई क्या बिगाड़ लेगा एवं पुन: गाली गलौंच करते हुए कक्ष से बाहर निकल जाने को कहा गया।


