बहु को दहेज के लिए प्रताड़ित करने वाले ससुर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
दहेज प्रताड़ना से तंग आकर बहू ने कर ली थी आत्महत्या

उज्जैन। थाना देवासगेट पुलिस द्वारा नवविवाहिता को दहेज प्रताडित कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले ससुर चरण सिंह गिल को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक 22 अप्रैल 2025 को उज्जैन के दूधतलाई गुरुद्वारे निवासी नवविवाहिता कमलजीत कौर उर्फ कोमल (उम्र 25 वर्ष) की फांसी लगने से मृत्यु हुई। थाना देवास गेट में मर्ग क्रमांक 15/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगाना पाया गया और शरीर पर अन्य चोटों के निशान नहीं मिले। जांच में मृतिका के परिजनों ने बताया कि उसे पति गोविन्द सिंह गिल, ससुर चरण सिंह गिल और अन्य परिजन दहेज की मांग को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।जिसके चलते उसने आत्महत्या की। मर्ग जांच उपरांत प्रकरण आपराधिक प्रवृत्ति का पाए जाने पर थाना देवासगेट पर अपराध क्रमांक 48/25 धारा 80(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मृतिका कमलजीत कौर उर्फ कोमल के पति गोविन्द सिंह गिल को दहेज प्रताड़ना एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में थाना देवासगेट पुलिस द्वारा 14.05.2025 को गिरफ्तार किया गया। उसी क्रम में उक्त प्रकरण से संबंधित आरोपी चरण सिंह गिल पिता हरि सिंह गिल उम्र 65 वर्ष निवासी गुरुद्वारा दूधतलाई, उज्जैन को भी दहेज प्रताड़ना एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में थाना देवासगेट पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।



