आगामी त्यौहार रमजान एवं होली के दृष्टिगत उज्जैन पुलिस द्वारा निकाला गया व्यापक फ्लैग मार्च


-200 से अधिक पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों की उपस्थिति में संवेदनशील क्षेत्रों में किया गया रूट मार्च
उज्जैन। आगामी त्यौहार रमजान एवं होली के मद्देनज़र जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने हेतु उज्जैन पुलिस द्वारा शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में दो अलग-अलग स्थानों से फ्लैग मार्च (रूट मार्च) निकाला गया। यह फ्लैग मार्च वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में निकाला गया, जिसमें कुल 200 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित हुए। फ्लैग मार्च में जिले के सभी थानों की चीता पार्टी, वज्र वाहन, अश्वरोही दल, बीडीडीएस टीम (बॉम्ब डिस्पोज़ल एंड डॉग स्क्वॉड) तथा डॉग स्क्वॉड ने सक्रिय सहभागिता की।
प्रथम फ्लैग मार्च (टॉवर चौक रूट)-
प्रथम फ्लैग मार्च टॉवर चौक से प्रारंभ होकर तीन बत्ती चौराहा, लोटी तिराहा, माधव नगर रेलवे स्टेशन, हनुमान नाका होते हुए हरिफाटक पर समाप्त हुआ।
द्वितीय फ्लैग मार्च (तोपखाना रूट)- द्वितीय फ्लैग मार्च तोपखाना से प्रारंभ होकर उपकेश्वर चौराहा, कसाईवाड़ा, गुदरी चौराहा, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, केडी गेट होते हुए जुनासोमवारिया पर समाप्त हुआ। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल द्वारा समस्त संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल एवं वाहन गश्त कर आमजन को यह संदेश दिया गया कि उज्जैन पुलिस आगामी त्यौहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु पूर्णतः सजग एवं प्रतिबद्ध है। उज्जैन पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे त्यौहारों को आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



