श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट नाग पंचमी पर खुले, रात्रि 12 बजे से अभी तक 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


आज रात 12 बजे तक खुले रहेंगे नागचन्द्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पट
उज्जैन।,29/07/2025, मंगलवार श्री महाकालेश्वर मंदिर के शिखर पर स्थित श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर, जो भगवान शिव और नाग देवता को समर्पित है, के कपाट नाग पंचमी के पावन अवसर पर 28 जुलाई 2025 की रात 12 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। यह मंदिर वर्ष में केवल एक बार, नाग पंचमी के दिन 24 घंटे के लिए खुलता है, जिसके कारण यह धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अभी तक लगभग 2 लाख भक्तों ने इस अवसर पर श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन का लाभ ले चुके है। मंदिर के कपाट आज 29 जुलाई 2025 की रात 12 बजे बंद किए जाएंगे। मान्यता है कि इस मंदिर में भगवान शिव सर्पों की शय्या पर विराजमान हैं, और उनकी पूजा से कालसर्प दोष सहित अन्य सर्प दोषों से मुक्ति मिलती है। मंदिर की अनूठी मूर्ति, जिसमें भगवान शिव, माता पार्वती और नाग देवता एक साथ विराजमान हैं, भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस वर्ष नाग पंचमी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मंदिर तक पहुंचने के लिए एक पैदल पुल का निर्माण किया गया, जिसने दर्शन को सुगम बनाया। मंदिर सुरक्षा व व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए।



